महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने ऋषिकेश के बदलते स्वरूप और विकास पर चिंता जताई है। एक्स पर पोस्ट कर पुरानी यादें ताजा कीं।
ऋषिकेश। महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने ऋषिकेश के बदलते स्वरूप पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तस्वीरें साझा करते हुए अपने फिल्ममेकिंग के पुराने दिनों की यादें ताजा की हैं। आनंद महिंद्रा का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
आनंद महिंद्रा ने अपनी पोस्ट में लिखा कि ऋषिकेश में नदी किनारे नए वॉकवे और सार्वजनिक स्थलों में काफी बदलाव आया है। लंबे समय बाद यहां लौटने वाले किसी भी व्यक्ति के लिए शहर के बदले हुए रूप को पहचानना थोड़ा मुश्किल हो सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विकास कार्यों के बावजूद ऋषिकेश अपनी मूल आत्मा और प्राकृतिक सुंदरता को बरकरार रखेगा।
देहरादून और ऋषिकेश की तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि देहरादून जहां रहने के लिए एक बेहतरीन शहर है, वहीं ऋषिकेश मन को सुकून देने वाली जगह है। यहां पहाड़ों और प्रकृति के करीब होने का अनूठा अनुभव मिलता है। हालांकि, उन्होंने बढ़ती भीड़ और आधुनिक बुनियादी ढांचे के बीच प्रकृति से दूरी बढ़ने के खतरे को लेकर भी आगाह किया है।
अपने पुराने दिनों को याद करते हुए उन्होंने बताया कि फिल्ममेकिंग के दौरान प्रसिद्ध ‘चोटीवाला रेस्टोरेंट’ उनके लिए किसी कैंटीन जैसा हुआ करता था, जहां वे उस समय ‘थीसिस’ फिल्म बना रहे थे। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश एक ऐसी जादुई जगह है जहां बार-बार लौटने का मन करता है। पोस्ट के अंत में उन्होंने जल्द ही ऋषिकेश आकर इन तमाम बदलावों को खुद देखने की इच्छा जताई है।