Report by : Paras Bisht
Published at :
InShot 20261023 173810007

हल्द्वानी के गौला फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलटी। भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, एक युवक और युवती गंभीर रूप से घायल।

हल्द्वानी। शहर से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली सड़क हादसे की खबर सामने आई है। शहर के गौला फ्लाईओवर पर शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई और जोरदार झटके के बाद पलट गई। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर भारी अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार शाम करीब चार बजे हुआ। कार संख्या UK02A2544 काठगोदाम से लालकुआं की ओर जा रही थी, जिसमें एक युवती समेत कुल चार लोग सवार थे। अचानक गाड़ी का संतुलन बिगड़ा और वह डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल हुए दूसरे युवक और युवती की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, और उनकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। घायल युवक और युवती के होश में आने के बाद दुर्घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी। फिलहाल पुलिस हादसे के असली कारणों की बारीकी से जांच कर रही है।
इस दुखद घटना के बाद से मृतकों और घायलों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस की शुरुआती जांच और घायलों के बयान के बाद ही दुर्घटना से जुड़े सभी तथ्यात्मक पहलुओं का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे तेज गति से बचें और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›