Report by : Paras Bisht
Published at :
gunshot 1630272245

हल्द्वानी के राजपुरा में जुए के विवाद के बाद फायरिंग और तलवारबाजी से फैली दहशत। पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस।

हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर के राजपुरा क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां गुरुवार शाम जुए के फड़ पर उपजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान जमकर फायरिंग हुई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। फायरिंग के बाद चेहरे पर मास्क पहने कुछ बदमाश हाथों में नंगी तलवारें लेकर खुलेआम सड़कों पर घूमते नजर आए, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों में भारी दहशत फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना गुरुवार देर शाम राजपुरा पड़ाव के पास की है। जुए के फड़ को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि नौबत गोलियों की बौछार तक पहुंच गई। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका सहम गया। इसके तुरंत बाद कई नकाबपोश युवक हाथों में तलवारें लहराते हुए मुख्य मार्ग पर आ गए, जिसके कारण वहां अफरातफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटना के बाद से स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ जबरदस्त गुस्सा देखने को मिल रहा है। वार्ड 13 की पार्षद मुन्नी कश्यप ने तीखा विरोध जताते हुए कहा कि क्षेत्र में जुआ, सट्टा और अवैध नशे का कारोबार बेरोकटोक चल रहा है। पुलिस की लचर कार्यप्रणाली के कारण इन अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
वहीं, समाजसेवी हेमंत साहू ने आरोप लगाया कि इन समस्याओं को लेकर कई बार पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने उलटा शिकायतकर्ताओं पर ही मुकदमे दर्ज कर दिए। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि पुलिस ने अब भी कोई सख्त कदम नहीं उठाया, तो ये बदमाश किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं।
इस पूरे मामले पर हल्द्वानी कोतवाली के कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तुरंत सक्रिय कर दिया गया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फायरिंग करने और तलवारें लहराने वाले हुड़दंगियों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट जैसी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›