Report by : CWN Desk
Published at :
IMG 20261029 WA0008

देहरादून के लेखक गाँव में अंतरराष्ट्रीय महोत्सव 2026 के समापन पर पहुंचे सीएम धामी ने कहा कि देवभूमि से निकले विचारों ने समाज को हमेशा आगे बढ़ाया है।

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के थानों स्थित ‘लेखक गाँव’ में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महोत्सव-2026 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने लेखक गाँव की विशेष पत्रिका “धरती का स्वर्ग उत्तराखंड” और “देवभूमि का काव्य पुष्प” पुस्तिका का विमोचन किया। अपने संबोधन में सीएम ने कहा कि लेखक गाँव केवल एक स्थान नहीं, बल्कि समाज को नई दिशा देने वाले विचारों का सशक्त प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उनके शब्द राष्ट्र निर्माण में शस्त्र का काम करते थे। उन्होंने जोर दिया कि देवभूमि उत्तराखंड हमेशा से ज्ञान, संस्कृति और रचनात्मकता का केंद्र रही है। ऋषियों की इस भूमि के प्राकृतिक सौंदर्य ने हमेशा से लेखकों और विचारकों को प्रेरित किया है, जिससे निकले विचारों ने समाज को हमेशा आगे बढ़ाने का मार्ग दिखाया है।
साहित्य और संस्कृति के संरक्षण का जिक्र करते हुए सीएम धामी ने बताया कि राज्य सरकार साहित्यकारों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। प्रदेश में उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान सहित कई पुरस्कार प्रदान किए जा रहे हैं। इसके साथ ही विभिन्न बोलियों और भाषाओं में ग्रंथ प्रकाशन हेतु अनुदान दिया जा रहा है। सरकार राज्य में दो समर्पित ‘साहित्य ग्राम’ भी स्थापित कर रही है, जहां आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
समारोह में उपस्थित केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के साझा प्रयासों से उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों में रिवर्स माइग्रेशन को बढ़ावा मिला है। आदि कैलाश और नीति-माणा जैसे दुर्गम क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होने से पर्यटकों की संख्या में ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई है। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ समेत कई प्रमुख शिक्षाविद और साहित्यकार उपस्थित रहे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›