कालाढूंगी सीट से विपिन पांडे ने भाजपा विधायक बंशीधर भगत के खिलाफ चुनाव लड़ने की घोषणा की। जानिए इथेनॉल फैक्ट्री और स्थानीय मुद्दों पर क्या कहा
हल्द्वानी। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। नैनीताल जिले की कालाढूंगी सीट पर प्रखर हिंदूवादी नेता विपिन पांडे ने चुनाव लड़ने की घोषणा की है। उन्होंने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वर्तमान विधायक बंशीधर भगत के खिलाफ मैदान में उतरने का ऐलान किया है।
विपिन पांडे ने स्थानीय भाजपा नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कालाढूंगी में पार्टी अब ‘भगत जनता पार्टी’ बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जनसमस्याओं और विकास को दरकिनार किया जा रहा है, इसलिए उनका चुनावी अभियान परिवारवाद से ऊपर उठकर जनता के हक के लिए केंद्रित रहेगा।
अपने संकल्प पत्र में विपिन पांडे ने चकलुवा क्षेत्र में स्थापित इथेनॉल फैक्ट्री को बंद कराने का प्रमुख मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के विरोध के बाद भी यह फैक्ट्री शुरू की गई, जिसे हटाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार पर रोक लगाने और भू-माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई का वादा किया है।
विपिन पांडे ने स्पष्ट किया है कि वह मुस्लिम समाज से वोट नहीं मांगेंगे, जिससे क्षेत्र का राजनीतिक तापमान बढ़ गया है। खुद को जनता के बीच का व्यक्ति बताते हुए उन्होंने कहा कि वह जनसमस्याओं को लेकर सीधे मतदाताओं के बीच जाएंगे। अब देखना होगा कि उनकी यह चुनौती कालाढूंगी की राजनीति में क्या मोड़ लाती है।