Report by : CWN Desk
Published at :
लच्छीवाला टोल प्लाजा पर बड़ा हादसा: ट्रक ने कार को रौंदा, कई लोगों की मौत की आशंका

देहरादून। डोईवाला के लच्छीवाला टोल प्लाजा पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें खनन सामग्री से भरे ट्रक ने एक कार को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रक और पास में खड़े पोल के बीच बुरी तरह से दब गई।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है। कार में सवार लोगों के मरने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी मृतकों की पुष्टि नहीं हो सकी है। लेकिन अभी तक कार में फंसे लोगों को बाहर नहीं निकाला जा सका है।

पुलिस और बचाव दल कार को काटकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास कर रहे हैं। दुर्घटना के कारण टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रक की तेज रफ्तार और लापरवाही बताया जा रहा है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है। दुर्घटना के चलते क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›