Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी में नई खरीदी बाइक बनी हादसे की वजह, युवक की दर्दनाक मौत

हल्द्वानी। वनभूलपुरा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक ने दिन में नई बाइक खरीदी थी और रात को घूमने निकला था, लेकिन तेज रफ्तार कार की टक्कर ने उसकी जिंदगी छीन ली।

वनभूलपुरा, मलिक का बगीचा निवासी मोहम्मद जाहिद फर्नीचर की दुकान चलाते हैं। उनका बेटा मोहम्मद कैफ भी उनके साथ कारोबार में हाथ बंटाता था। शुक्रवार को कैफ ने एक शो रूम से नई बाइक खरीदी और शाम को घर ले आया। बाइक खरीदने की खुशी में वह अपने दोस्त अयान के साथ बरेली रोड की ओर घूमने निकल गया।

रात करीब नौ बजे जब दोनों लक्ष्मी शिशु मंदिर के पास पहुंचे, तभी अचानक एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में कैफ गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अयान को मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोग तुरंत दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने कैफ को मृत घोषित कर दिया।

कैफ के निधन की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया। मोहम्मद कैफ दो बहनों का इकलौता भाई था। नई बाइक की खुशी कुछ ही घंटों में मातम में बदल गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›