Report by : CWN Desk
Published at :
उधमसिंह नगर जिले में कार सेवा डेरा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह की गोली मारकर हत्या

28 मार्च को बाइक सवार शूटरों ने की थी हत्या
बाजपुर। नानकमत्ता के चर्चित कार सेवा वाले बाबा तरसेम सिंह हत्याकांड के खुलासे के लिए गठित टीम ने बाजपुर में दस्तक दे दी है। टीम बुधवार को बाजपुर संदिग्ध मोबाइल नंबर्स की तलाश में पहुंचीं थी। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर जाकर फोन नंबर्स प्रयोग करने वाले लोगों से जानकारी ली है। पुलिस-प्रशासन हत्यारों की तलाश में जुटी है।
प्रदेश के डीआइजी द्वारा गठित टीमों की एक पार्टी द्वारा घटना से पूर्व बाबा के संपर्क वाले सभी नंबर्स को चेक किया जा रहा है। उनकी लोकेशन भी देखी जा रही ही है। हत्याकांड के पर्दाफाश को लेकर सभी टीमें हर उस बिंदु पर काम कर रही हैं, जो बाबा तरसेम और उनके हत्यारों से जुड़े हो सकते हैं। वहीं टीम में आये पुलिस अधिकारियों ने मामले को लेकर कोई भी जानकारी देने से इनकार किया है।
नानकमत्ता के डेरा कार सेवा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह की हत्या में शामिल दोनों शूटरों पर पुलिस ने इनाम बढ़ा दिया है। वहीं हत्या कर फरार हुए दोनों शूटरों के स्थानीय कनेक्शन की धरपकड़ के दौरान पकड़े गए संदिग्धों से पुलिस को बड़ी लीड मिली है। 28 मार्च की सुबह नानकमत्ता में डेरा कार सेवा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह की बाइक सवार दो शूटरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। दोनों शूटर बिना नंबर की बाइक पर बैठ पीलीभीत की तरफ फरार हो गए थे। पुलिस ने बाबा तरसेम सिंह की हत्या के मामले में सर्वजीत सिंह पुत्र स्वरूप सिंह निवासी तरनतारन पंजाब, अमरजीत सिंह उर्फ बिट्टा पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी सिहौरा बिलासपुर रामपुर उत्तर प्रदेश के साथ ही नानकमत्ता गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी प्रधान सेवानिवृत आइएएस हरबंस सिंह चुघ, रामपुर के नवाबगंज गुरुद्वारा के मुख्य जत्थेदार बाबा अनूप सिंह, तराई महासभा के उपाध्यक्ष प्रीतम सिंह संधू के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›