Report by : CWN Desk
Published at :
सोशल मीडिया दोस्ती के बाद नैनीताल की युवती से दुष्कर्म, आरोपी पर मुकदमा दर्ज

देहरादून। दिल्ली से देहरादून आकर नौकरी कर रही एक युवती के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और विरोध करने पर मारपीट व ब्लेड से हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर राजपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता ने एसएसपी कार्यालय में दी गई शिकायत में बताया कि वह 2020 में नौकरी के सिलसिले में देहरादून आई थी। वर्ष 2022 में उसकी मुलाकात आईटी पार्क निवासी भवानी शर्मा से हुई। शुरुआत में आरोपी ने दोस्ती की, फिर शादी का वादा कर उसे अपने जाल में फंसा लिया।

युवती ने बताया कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। एक बार जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसके कमरे में जबरन घुसकर उसके साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान आरोपी ने उसके गले और घुटनों पर काटा और ब्लेड से बाएं हाथ पर कई बार वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से युवती को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसके हाथ पर नौ टांके आए।

फिलहाल, पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है। पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर महिला संगठनों ने भी कड़ा रुख अपनाने की बात कही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›