Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी के MBPG कॉलेज में पोस्टर फाड़ने पर भिड़े ABVP और NSUI छात्र, हाथापाई में एक घायल

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में हस्ताक्षर अभियान और पोस्टर फाड़ने को लेकर एबीवीपी और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं में जमकर मारपीट हुई। इस हाथापाई में एक छात्र घायल हुआ है।

हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित एमबीपीजी (MBPG) कॉलेज परिसर में गुरुवार को छात्र गुटों के बीच जमकर हंगामा हुआ। यहां पोस्टर अभियान के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और एनएसयूआई (NSUI) के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच कॉलेज परिसर के भीतर ही लात-घूंसे चल पड़े। इस हिंसक हाथापाई में एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को कॉलेज के मुख्य गेट पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं द्वारा एक हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एनएसयूआई से जुड़े छात्र नेता मेहुल साह ने भी भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने के खिलाफ कॉलेज परिसर के अंदर अपना हस्ताक्षर अभियान शुरू कर दिया। परिसर के भीतर शुरू हुए इस अभियान का एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध किया। इसी बीच कुछ छात्रों ने एनएसयूआई का पोस्टर फाड़ दिया, जिससे माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया।
पोस्टर फाड़े जाने से आक्रोशित छात्र तुरंत शिकायत लेकर प्राचार्य कक्ष में पहुंच गए। हैरान करने वाली बात यह रही कि उग्र छात्र प्राचार्य के सामने भी मर्यादा भूल गए और आपस में उलझते रहे। प्राचार्य ने किसी तरह समझा-बुझाकर दोनों पक्षों को अपने कक्ष से बाहर निकाला। लेकिन जैसे ही छात्र कमरे से बाहर आए, उनके बीच दोबारा गाली-गलौज और हाथापाई शुरू हो गई। देखते ही देखते कॉलेज परिसर एक अखाड़े में तब्दील हो गया।
कॉलेज में हंगामा बढ़ता देख वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और शिक्षकों ने तुरंत बीच-बचाव किया। उन्होंने मारपीट कर रहे उग्र छात्रों को किसी तरह समझाकर कॉलेज परिसर से बाहर खदेड़ा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी भारी बल के साथ मौके पर पहुंच गई। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही हंगामा कर रहे छात्र वहां से भाग निकले थे। फिलहाल पुलिस कॉलेज प्रशासन से बात कर मामले की जांच कर रही है।

Select Language

Advertisement