Report by : CWN Desk
Published at :
बदरीनाथ हाईवे पर बस की चपेट में आए एएसआई की मौत, जांच शुरू

हल्द्वानी। शहर के टीपीनगर चौकी क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में कोचिंग संचालक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना मंगलवार को उस समय हुई जब 45 वर्षीय भुवन चंद्र भट्ट घर के सामने खराब पड़ी पानी की मोटर को सुधारने की कोशिश कर रहे थे। मोटर में अचानक करंट दौड़ जाने से वह उसकी चपेट में आ गए और मोटर से चिपककर बेसुध हो गए।

भुवन चंद्र भट्ट, निवासी बेड़ापोखरा, अपने घर के पास लगे मोटर पंप को ठीक कर रहे थे। पहले प्रयास में पानी नहीं आया, तो उन्होंने दोबारा मोटर चालू करने की कोशिश की। तभी मोटर में करंट आ गया और वह बुरी तरह झुलस गए। शोर सुनकर उनकी दूसरी पत्नी बाहर आई और शोर मचाया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सूखी लकड़ी की सहायता से उन्हें मोटर से अलग किया।

बेहोशी की हालत में परिजन उन्हें तुरंत डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

भुवन चंद्र भट्ट पेशे से शिक्षक थे और हल्द्वानी के एक कोचिंग संस्थान में कॉमर्स विषय पढ़ाते थे। वह छात्रों के बीच एक समर्पित शिक्षक के रूप में जाने जाते थे। उनकी अचानक मौत से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया गया है। हादसे के कारण परिवार और जानने वालों में गहरा दुख है। पुलिस ने मामले को दुर्घटना मानते हुए जांच पूरी कर ली है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›