Report by : CWN Desk
Published at :
केबीसी 17 में उत्तराखंड के आदित्य कुमार बने पहले करोड़पति, 7 करोड़ के सवाल का भी किया सामना

टीवी की दुनिया का सबसे लोकप्रिय क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति (KBC) अपने 17वें सीजन के साथ दर्शकों का दिल जीत रहा है। इस बार भी शो के होस्ट अमिताभ बच्चन अपनी शानदार आवाज और अंदाज से दर्शकों को बांधे हुए हैं। अब शो में वह ऐतिहासिक पल आने वाला है, जब सीजन का पहला करोड़पति सामने आएगा।

उत्तराखंड के रहने वाले आदित्य कुमार ने अपने ज्ञान और आत्मविश्वास के दम पर करोड़पति बनने का खिताब अपने नाम कर लिया है। इतना ही नहीं, उन्होंने 7 करोड़ रुपये के आखिरी और सबसे बड़े सवाल का भी सामना किया। शो के नए प्रोमो में दिखाया गया है कि आदित्य बेहद साहसिक अंदाज में इस सवाल का जवाब देने की कोशिश करते हैं।

प्रोमो में आदित्य अपनी जिंदगी का एक मजेदार किस्सा भी साझा करते हैं। उन्होंने बताया कि कॉलेज के दिनों में उन्होंने अपने दोस्तों के साथ एक बड़ा प्रैंक किया था। उन्होंने सबको कह दिया था कि उनका केबीसी में चयन हो गया है और शो की टीम जल्द ही वीडियो शूट के लिए आएगी। दोस्तों ने उत्साह में नई पैंट और शर्ट तक सिलवाई, लेकिन बाद में जब सच्चाई सामने आई तो सब हैरान रह गए। आदित्य हंसते हुए कहते हैं कि इस बार जब उन्हें सचमुच केबीसी से कॉल आया, तो किसी को यकीन नहीं हुआ। जब तक उन्होंने मैसेज नहीं दिखाया, तब तक सब इसे मजाक ही समझते रहे।

अमिताभ बच्चन ने उनकी इस कहानी को सुनकर कहा, “आप सिर्फ शो तक ही नहीं पहुंचे, बल्कि खेल में भी बहुत आगे आ गए हैं।” अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या आदित्य 7 करोड़ रुपये जीतने वाले पहले प्रतियोगी बन पाएंगे।

सोनी टीवी पर प्रसारित होने वाला केबीसी 17 हर सीजन की तरह इस बार भी दर्शकों के लिए रोमांच और ज्ञान से भरपूर सफर लेकर आया है। सोमवार को प्रसारित होने वाला एपिसोड इस सीजन का सबसे खास एपिसोड माना जा रहा है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›