खराब अंडे बदलकर दिए तो वो भी सड़े निकले, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने डीएम से की शिकायत
रुद्रपुर। जिले भर के कई आँगनबाड़ी केंद्रों में सड़े अंडे बांटने का मामला सामने आया है। सड़े अंडे होने के साथ-साथ काले भी पड़ चुके हैं। शिकायत के बाद दोबारा अंडे दिए गए तो वो भी सड़े हुए निकले। इससे पहले नैनीताल जिले के आंगनबाड़ी सेंटरों में सड़े अंडे सप्लाई का मामला सामने आ चुका है। इससे विभाग की लापरवाही सामने आ रही है।
बाल विकास परियोजना द्वारा आगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले बच्चों को हर माह पुष्टाहार बांटा जाता है। इसी को देखते हुए अप्रैल माह में पुष्टाहार में लाभार्थियों को अंडे वितरित किए थे।
जिले के कई आगनबाड़ी केंद्रों वितरित किए गए अंडे सड़े और बदबूदार निकले। बताया जा रहा है कि केंद्र में सड़े अंडे मिलने पर कई आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने केंद्र से जुड़े कर्मचारी को मामले की जानकारी दी। इसके बाद केंद्र में अंडों को बदलकर दोबारा अंडे बांटे गए थे, लेकिन दोबारा बांटे गए अंडे भी उसी तरह से खराब निकले। आगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने मामले की शिकायत जिला कार्यक्रम अधिकारी से की है।