देहरादून
विकासनगर के बैरागीवाला में भाजपा नेता की हत्या के बाद 150 पर केस, एक और आरोपी गिरफ्तार
देहरादून के बैरागीवाला गांव में भाजपा नेता विनोद कश्यप की हत्या और हिंसा मामले में पुलिस ने 150 उपद्रवियों पर केस दर्ज किया है। अब तक 5 आरोपी गिरफ्तार।
देहरादून। जिले के विकासनगर अंतर्गत बैरागीवाला गांव में हुई हिंसक झड़प और भाजपा नेता की हत्या के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने कानून-व्यवस्था हाथ में लेने और माहौल बिगाड़ने वाले करीब 150 उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गांव में फिलहाल भारी तनाव की स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने कड़ा सुरक्षा पहरा तैनात कर रखा है।
गौरतलब है कि बीती 13 जून की शाम बैरागीवाला गांव में दो पक्षों के बीच मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया था। इस खूनी संघर्ष और हमले के दौरान भाजपा नेता विनोद कश्यप की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने इलाके में जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया था, जिसके बाद से ही पूरे क्षेत्र में पुलिस बल मुस्तैद है।
कोतवाल प्रदीप रावत के मुताबिक, एसएसआई (SSI) मनमोहन सिंह की तहरीर पर उपद्रवियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। सोमवार को भी गांव में माहौल काफी संवेदनशील रहा। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मृतक विनोद कश्यप के परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए मनाने में जुटे रहे। लंबी बातचीत के बाद दोपहर बाद परिजन राजी हुए और भारी सुरक्षा के बीच शाम को अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल एक और आरोपी को दबोच लिया है, जिससे अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या पांच हो गई है। पकड़े गए ताजा आरोपी की पहचान इम्तियाज (निवासी लखनवाला, सहसपुर) के रूप में हुई है। एसपी ग्रामीण पंकज गैरोला ने साफ चेतावनी दी है कि माहौल बिगाड़ने और कानून से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। बाकी फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
