Report by : CWN Desk
Published at :
झगड़े के बाद दंपति ने की सामूहिक आत्महत्या, निर्माणाधीन भवन में फंदे से लटके मिले शव

देहरादून। धूलकोट स्थित एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम करने वाले दंपति ने आपसी विवाद के बाद आत्महत्या कर ली। दोनों के शव रविवार सुबह मजदूर आवास की छत में लगे पाइप से फंदे के सहारे लटके मिले। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच रात में झगड़ा होने की बात सामने आई है।

प्रेमनगर थानाध्यक्ष मोहन सिंह के अनुसार, रविवार सुबह करीब सवा नौ बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि धूलकोट क्षेत्र में ग्राफिक एरा अस्पताल की निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम कर रहे एक युवक और उसकी पत्नी ने फांसी लगा ली है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि भास्कर लाल (28 वर्ष) पुत्र बाबूराम चंद्राकर और उसकी पत्नी जनिक गौड़ (26 वर्ष) के शव पाइप से फंदे पर लटके हुए थे। पुलिस ने वीडियोग्राफी के बीच शवों को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

मूल रूप से छत्तीसगढ़ के जिला कबीरधाम के रहने वाले भास्कर और जनिक ने करीब दस महीने पहले घर से भागकर प्रेम विवाह किया था। भास्कर पेशे से इलेक्ट्रिशियन था और डेढ़ महीने पहले ही वह अपनी पत्नी के साथ धूलकोट स्थित इस निर्माणाधीन साइट पर काम करने आया था। जनिक भी काम में उसका साथ देती थी। दोनों मजदूरों के लिए बने आवास में ही रहते थे।

घटना के बारे में जानकारी तब हुई जब रविवार सुबह भास्कर रोजाना की तरह टैंकों में पानी नहीं भर पाया और उसके फोन पर संपर्क नहीं हुआ। साथी मजदूरों ने जब जाकर देखा तो आवास का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़ने पर दोनों के शव फंदे पर लटके मिले।

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन साथी मजदूरों ने बताया कि शनिवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसी के बाद उन्होंने यह कठोर कदम उठाया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है, जिनके देहरादून पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और किसी भी एंगल को नज़रअंदाज नहीं किया जाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›