देहरादून
देहरादून में स्वाइन फ्लू और डेंगू की दहशत, AIIMS ने जारी की चेतावनी
देहरादून में स्वाइन फ्लू के 27 और डेंगू के 4 नए मरीज मिले। एम्स डॉक्टरों ने बताया 48 घंटे के भीतर इलाज क्यों जरूरी है। पढ़ें स्वास्थ्य अलर्ट।
देहरादून। देशभर में बदलते मौसम के साथ ही संक्रामक बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में स्वाइन फ्लू (H1N1) और डेंगू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मंगलवार को जिले में स्वाइन फ्लू के 27 और डेंगू के 4 नए मरीजों की पुष्टि हुई है, जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. मनोज शर्मा के अनुसार, स्वाइन फ्लू के 27 नए मामलों में से 16 मरीज देहरादून के और 11 अन्य जिलों के हैं। राज्य में स्वाइन फ्लू के कुल मामले बढ़कर 132 हो चुके हैं, जिनमें से 38 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। वहीं जिले में डेंगू के कुल मामलों की संख्या 118 पहुंच गई है। मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण दून अस्पताल की ओपीडी में भारी भीड़ उमड़ रही है।
इधर दिल्ली एम्स के डॉक्टरों ने स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है। डॉक्टरों के मुताबिक, इस बार H3N2 की तुलना में H1N1 का संक्रमण अधिक देखा जा रहा है, जो सीधे फेफड़ों को प्रभावित करता है। कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के विशेषज्ञों का कहना है कि यह वायरस मुख्य रूप से अगस्त-सितंबर और फरवरी-मार्च के महीनों में अधिक सक्रिय होता है।
एम्स के मेडिसिन विभाग के डॉक्टरों ने सलाह दी है कि लक्षण दिखने के 48 घंटे के भीतर ही एंटीवायरल दवाएं शुरू कर देनी चाहिए। यदि इलाज में देरी होती है, तो दवाओं का असर कम हो जाता है। बुजुर्गों, बच्चों और पहले से मधुमेह, हृदय रोग या अस्थमा जैसी बीमारियों से पीड़ित लोगों में यह संक्रमण जानलेवा हो सकता है। डॉक्टरों ने बिना चिकित्सीय परामर्श के एंटीबायोटिक दवाएं न लेने की सख्त सलाह दी है।
