Report by : CWN Desk
Published at : Updated at :
अल्मोड़ा हत्याकांड: ₹25 हजार न देने पर PRD जवान ने महिला को मार डाला! ऐसे हुआ सनसनीखेज खुलासा

अल्मोड़ा के लमगड़ा में 14 नवंबर को हुई महिला की हत्या का खुलासा हो गया है। गांव के ही पीआरडी जवान गोपाल सिंह ने रुपये न मिलने पर महिला गंगा देवी की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर गहने बरामद किए।

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा क्षेत्र के सांगड़ गांव में 14 नवंबर को हुई 55 वर्षीय गंगा देवी की सनसनीखेज हत्या का खुलासा हो गया है। सोमवार को एसएसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि यह जघन्य अपराध गांव के ही निवासी एक पीआरडी जवान ने अंजाम दिया था।
एसएसपी पींचा ने बताया कि आरोपी गोपाल सिंह की बेटी की शादी 30 नवंबर को होनी थी। मृतका गंगा देवी ने गोपाल सिंह को शादी में मदद के लिए 25 हजार रुपये देने का वादा किया था। वादा पूरा न होने से नाराज होकर गोपाल सिंह ने बेटी की शादी से करीब 16 दिन पहले, 14 नवंबर को इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गंगा देवी का गला घोंटकर हत्या कर दी और उनका ‘गलोबंद’ (गहना) लेकर फरार हो गया।
इस मामले के खुलासे के लिए अल्मोड़ा पुलिस ने गहन जांच शुरू की। पुलिस ने कुल सौ संदिग्धों से पूछताछ की, जिसमें आरोपी गोपाल सिंह भी शामिल था। पुलिस ने लमगड़ा से लेकर हल्द्वानी तक लगभग 400 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। पुलिस का दावा है कि एक सीसीटीवी फुटेज में गोपाल सिंह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी, जिसके बाद शक की सुई उस पर ठहर गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी गोपाल सिंह से मिली जानकारी के आधार पर हल्द्वानी में एक ज्वेलर्स के पास से बेचा गया गलोबंद (गहना) और 1 लाख 20 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। यह घटना दिखाती है कि कैसे छोटी रकम को लेकर हुआ विवाद एक भयानक अपराध का कारण बन सकता है। उत्तराखंड पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने इस गुत्थी को सुलझाकर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुँचाया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›