Report by : CWN Desk
Published at :
खटीमा में चाकूबाजी के बाद तनाव, प्रदर्शनकारियों पर पुलिस का लाठीचार्ज; दुकान में तोड़फोड़ और आगजनी

खटीमा। उत्तराखंड के खटीमा में शुक्रवार देर रात हुई चाकूबाजी की एक घटना के बाद शनिवार को दिन भर तनाव का माहौल बना रहा। इस हमले में एक 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जिसके बाद आक्रोशित हिंदूवादी संगठनों ने जमकर प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा और पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
देर रात हुई घटना, युवक की मौत
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे हुई। आश्रम पद्धति के पीछे रहने वाले तुषार शर्मा (24) पर गोटिया इस्लामनगर क्षेत्र के कुछ युवकों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तुषार को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हमले में तुषार के दो साथी—सलमान (पकड़िया) और अभय (वाल्मीकि बस्ती)—भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं।
तोड़फोड़ और आगजनी, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
शनिवार सुबह मृतक तुषार शर्मा की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग रोडवेज बस स्टेशन पर इकट्ठा हुए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कुछ दुकानों को जबरन बंद कराया, तोड़फोड़ की, और एक चाय की दुकान में आग लगा दी। बताया जा रहा है कि यह दुकान मुख्य आरोपी के पिता की थी।
हालात बेकाबू होते देख क्षेत्राधिकारी विमल रावत, वरिष्ठ उप निरीक्षक ललित मोहन रावल सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक के बाद, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। दमकल विभाग ने तत्काल आग पर काबू पाया।
पुलिस की अपील और सुरक्षा व्यवस्था
पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
वर्तमान में खटीमा के रोडवेज बस स्टेशन और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, जिसके मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›