Report by : CWN Desk
Published at :
चावल से न्याय की अपील महंगी पड़ी, लोहाघाट एनएच के अधिशासी अभियंता आशुतोष कुमार हटाए गए

देहरादून। कर्मचारियों से दो-दो मुट्ठी चावल मंगाकर देवता से न्याय की अपील करना लोनिवि एनएच लोहाघाट के अधिशासी अभियंता आशुतोष कुमार को भारी पड़ गया। सरकार ने उन्हें उनके पद से हटाते हुए मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग, पौड़ी कार्यालय से अटैच कर दिया है। इस संबंध में रविवार को लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. पंकज पांडेय की ओर से आदेश जारी कर दिए गए।

चावल से न्याय की अपील महंगी पड़ी, लोहाघाट एनएच के अधिशासी अभियंता आशुतोष कुमार हटाए गए

गौरतलब है कि दो दिन पूर्व अधिशासी अभियंता आशुतोष कुमार ने एक आदेश जारी किया था, जिसमें उन्होंने विभाग के एक अपर सहायक अभियंता की सर्विस बुक गायब होने के मामले में सभी कर्मचारियों से दो-दो मुट्ठी चावल लाने को कहा था। आदेश के अनुसार, यह चावल किसी मंदिर में देवता के समक्ष रखे जाने थे, ताकि “देवता से न्याय की उम्मीद” की जा सके। यह आदेश जैसे ही सामने आया, सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और उस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं।

विभागीय प्रमुख अभियंता ने वायरल आदेश का संज्ञान लेते हुए तत्काल अधिशासी अभियंता से जवाब तलब किया था। चूंकि मामला सार्वजनिक छवि और विभागीय मर्यादा से जुड़ा था, इसलिए सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आशुतोष कुमार को लोहाघाट एनएच डिवीजन से हटाने के आदेश जारी कर दिए।

इस पूरे प्रकरण ने विभागीय प्रशासनिक प्रक्रियाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। सरकारी पद पर रहते हुए इस तरह की “आध्यात्मिक अपील” और प्रतीकात्मक न्याय की उम्मीद को विभाग ने अनुशासनहीनता माना है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›