Report by : CWN Desk
Published at :
हरिद्वार के पथरी में क्षेत्र में पुलिस पर हमला, पुलिस कर्मियों से मारपीट कर वर्दी फाड़ी

हरिद्वार। पथरी क्षेत्र के गांव कटारपुर स्थित लक्सर हरिद्वार मार्ग पर मारपीट के आरोपी को पकड़ने गई चेतक पुलिसकर्मियों के साथ आरोपी ने मारपीट कर दी। युवक ने एक पुलिसकर्मी का वर्दी फाड़ दिया। जान से मारने की नीयत से आरोपी ने पुलिसकर्मी पर पत्थर से सिर पर हमला कर दिया। जिससे पुलिसकर्मी घायल हो गया। इसके बाद से आरोपी फरार हो गया।
एसएचओ पथरी रमेश तनवार ने बताया कि नसीरपुर कलां निवासी अभिषेक ज्वालापुर सेक्टर टू बैरियर पर स्थित संजीव क्रॉकरी स्टोर पर काम करता है। रात के समय वह दुकान से अपने घर नसीरपुर कला जा रहा था। कटारपुर तिराहे के पास तीन युवकों ने उसे घेर लिया और मारपीट की। जिससे अभिषेक के सिर में गम्भीर चोट आई। उसने एक हमलावर को पहचान लिया। तहरीर में युवक का नाम अर्जुन पुत्र सुरेन्द्र कुमार ग्राम कटारपुर बताया। इधर, कांस्टेबल सुरेश ने तहरीर देकर बताया कि अभिषेक निवासी नसीरपुर कलां ने चौकी पर आकर अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत की थी। जिस पर वह और कांस्टेबल आदेश चौहान कटारपुर तिराहे पर पहुंचे। जहां काफी लोग इकट्ठा थे। पीड़ित ने बताया कि वह आरोपी अर्जुन को जानता है। सिपाही ने बताया कि जब उन्होंने अर्जुन को पुलिस चौकी चलने को कहा तो वह आग बबूला हो गया और इसका विरोध शुरू कर दिया।
उसने कांस्टेबल आदेश चौहान को मुक्का मार दिया। बताया कि जब उसने युवक को काबू करने की कोशिश की तो उसने हाथापाई कर वर्दी फाड़ दी। इसके बाद आरोपी ने पत्थर से जान से मारने की नीयत से सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी अर्जुन मौक से फरार हो गया। इधर, घायल सिपाही ने मेडिकल कराने के बाद आरोपी अर्जुन के खिलाफ तहरीर दी। पथरी थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर अर्जुन समेत दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अर्जुन पर सरकारी कार्य में बांधा डालने, पुलिसकर्मियों पर हमला, मारपीट तथा वर्दी फाड़ने का आरोप है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›