Connect with us

नैनीताल

भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे फिर हिरासत में, हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Published

on

खबर शेयर करें 👉

नैनीताल में दुष्कर्म और जबरन गर्भपात के आरोपी भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे को पुलिस ने दोबारा हिरासत में ले लिया है। गिरफ्तारी के दौरान फेसबुक लाइव पर हुआ भारी ड्रामा।

नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। दुष्कर्म और जबरन गर्भपात कराने के गंभीर आरोपों से घिरे भवाली व्यापार मंडल के अध्यक्ष नरेश पांडे को मंगलवार देर रात पुलिस ने एक बार फिर हिरासत में ले लिया है। क्षेत्राधिकारी (सीओ) अंजना नेगी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल आरोपी के कहलक्वीरा स्थित आवास पर पहुँचा, जहाँ काफी हंगामे और मशक्कत के बाद यह कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम के पहुँचते ही आरोपी व्यापारी नेता नरेश पांडे ने खुद को घर के भीतर बंद कर लिया। उसने तुरंत अपने सोशल मीडिया अकाउंट से करीब 10 मिनट तक फेसबुक लाइव किया और पुलिस की इस कार्रवाई का कड़ा विरोध करते हुए इसे साजिश बताया। इस हाई वोल्टेज ड्रामे के दौरान आरोपी के परिजनों ने भी पुलिस टीम को रोकने की कोशिश की और सरकारी कार्य में बाधा डाली।
तमाम विरोध और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने स्थिति पर काबू पाया। इसके बाद पुलिस आरोपी नरेश पांडे को हिरासत में लेकर नैनीताल ले आई। गौरतलब है कि नैनीताल के एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान में पढ़ने वाली एक छात्रा ने व्यापारी नेता पर दुष्कर्म करने, शारीरिक शोषण करने और दबाव बनाकर गर्भपात कराने जैसे कई संगीन आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी।
छात्रा की तहरीर पर मल्लीताल कोतवाली पुलिस ने संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी। इससे पहले भी पुलिस ने 19 मई को आरोपी को हिरासत में लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार साक्ष्य जुटा रही थी। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के खिलाफ कई अहम और पुख्ता सबूत मिले हैं, जिसके बाद यह दोबारा कार्रवाई की गई है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement