Connect with us

चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी

चमोली में बड़ा हादसा: अंतिम संस्कार में जा रही ईको वैन खाई में गिरी, 3 की मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

उत्तराखंड के चमोली जिले के देवाल में भीषण सड़क हादसा। अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर गांव लौट रहे परिजनों की ईको वैन 400 मीटर गहरी खाई में गिरी। 3 की मौत, 3 घायल।

चमोली: उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। चमोली जिले के देवाल-लोहाजंग मोटर मार्ग पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहाँ ल्वाणी गांव के समीप एक ईको वैन अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिस परिवार पर पहले से ही एक सदस्य की मौत का दुख था, उस पर रास्ते में यह दूसरा बड़ा वज्रपात हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बांक (लोहाजंग) निवासी बलबीर सिंह अपने परिजन स्वर्गीय भजन सिंह का पार्थिव शरीर देहरादून से लेकर गांव लौट रहे थे। भजन सिंह का देहरादून के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। मृतक का शव आगे एक एंबुलेंस से लाया जा रहा था, जबकि परिजन पीछे अपनी ईको वैन से आ रहे थे। शनिवार सुबह करीब चार बजे ल्वाणी के जंगल क्षेत्र में उनकी वैन अचानक अनियंत्रित हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय थराली थाने की पुलिस और डीडीआरएफ (DDRF) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। अंधेरे और बेहद दुर्गम रास्तों के बीच संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। खाई में उतरने पर वाहन के परखच्चे उड़े हुए मिले और लोग दूर-दूर तक छिटके पड़े थे। टीम ने रेस्क्यू कर तीन घायलों कविता देवी (32), रोशनी (18) और मयंक सिंह (8) को बाहर निकाला। प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए तीनों घायलों को एयर एंबुलेंस से तुरंत एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया।
इस दर्दनाक हादसे में बलवीर सिंह (52), उनकी पत्नी शांति देवी (48) और बेटे आशीष उर्फ अंशु बिष्ट (19) की मौके पर ही मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से पूरे बांक गांव में मातम का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक जांच के आधार पर थराली पुलिस का मानना है कि सुबह के वक्त चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई होगी, जिसके कारण यह भयानक हादसा हुआ।

Select Language

Advertisement