Connect with us

अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़

अल्मोड़ा: विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, जागेश्वर रेंज में तैनात वन विभाग का बाबू रिश्वत लेते दबोचा

Published

on

खबर शेयर करें 👉

अल्मोड़ा विजिलेंस टीम ने जागेश्वर रेंज में तैनात वन विभाग के बाबू नवीन नौटियाल को लीसा ढुलान नवीनीकरण के बदले रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। पढ़ें पूरी खबर।

अल्मोड़ा: उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान के तहत विजिलेंस टीम ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। शनिवार को विजिलेंस की टीम ने अल्मोड़ा जिले के जागेश्वर रेंज में तैनात वन विभाग के एक बाबू (लिपिक) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी बाबू पर लीसा गड़ान ढुलान के नवीनीकरण के एवज में हजारों रुपये की मांग करने का आरोप है।
मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता जयप्रकाश का लीसा गड़ान ढुलान का कार्य था, जिसके नवीनीकरण के लिए वह लंबे समय से जागेश्वर रेंज कार्यालय के चक्कर काट रहा था। आरोप है कि कार्यालय में तैनात बाबू और फोरेस्टर नवीन नौटियाल ने इस कार्य को करने के बदले जयप्रकाश से 25,500 रुपये की रिश्वत मांगी। बार-बार की जा रही मांग से परेशान होकर जयप्रकाश ने इसकी सूचना विजिलेंस को दी।
विजिलेंस टीम ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए जाल बिछाया और शनिवार को योजनाबद्ध तरीके से रेंज कार्यालय में छापेमारी की। टीम ने नवीन नौटियाल को रिश्वत की रकम स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। हालांकि, विजिलेंस ने अभी आधिकारिक तौर पर बरामद की गई कुल नकदी का खुलासा नहीं किया है, लेकिन आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए डीएफओ सिविल सोयम अल्मोड़ा, प्रदीप धौलखंडी ने बताया कि उन्हें विजिलेंस की कार्रवाई की प्रारंभिक जानकारी मिली है। चूंकि वे वर्तमान में जिले से बाहर हैं, इसलिए मुख्यालय पहुंचने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। विजिलेंस की इस कार्रवाई से वन विभाग के भीतर हड़कंप मचा हुआ है। शासन ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के किसी भी मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement