Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तराखंड एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: देहरादून से 22,100 नकली सिगरेट जब्त, संगठित गिरोह का भंडाफोड़

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ कार्यालय उत्तराखंड के निर्देशन में देहरादून में नकली सिगरेट बेचने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया गया। लान्सर नेटवर्क कंपनी के मैनेजर द्वारा दी गई सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई, जिसमें बताया गया था कि कुछ व्यापारी गोल्ड फ्लैक और अन्य ब्रांड की नकली सिगरेटें बेच रहे हैं।
एसटीएफ टीम, स्थानीय पुलिस और कंपनी प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर दर्‍शिनी गेट के पास स्थित निशांत ट्रेडर्स के गोदाम से 22,100 नकली सिगरेट पैकेट बरामद किए। जांच में पाया गया कि ये सिगरेटें बिना वैध अनुमति और टैक्स भुगतान के तैयार की गई थीं और इनमें जाली बारकोड, नकली ब्रांड लोगो और स्वास्थ्य चेतावनी की नकल थी।
इन नकली सिगरेटों को सस्ते दामों में थोक विक्रेताओं को देकर असली के रूप में फुटकर बाजार में बेचा जा रहा था। सारा लेनदेन नकद होता था जिससे सरकार को लाखों का राजस्व नुकसान पहुंचाया गया। गिरोह के तार मुजफ्फरनगर और दिल्ली से जुड़े पाए गए हैं।
एसटीएफ ने चेतावनी दी है कि नकली उत्पाद न केवल कर चोरी हैं, बल्कि जनस्वास्थ्य के लिए भी खतरनाक हैं। ऐसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जनता से अपील की गई है कि नकली उत्पादों की जानकारी तुरंत पुलिस या एसटीएफ को दें।
टीम में शामिल अधिकारी: निरीक्षक नन्द किशोर भट्ट, उपनिरीक्षक विद्या दत्त जोशी समेत कुल 8 पुलिसकर्मी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›