उधमसिंह नगर
ऊधमसिंहनगर में पुलिस का बड़ा एक्शन: गदरपुर में 4.54 करोड़ के असली-नकली नोटों के साथ दो गिरफ्तार
ऊधमसिंहनगर के गदरपुर में पुलिस ने असली नोटों की आड़ में नकली नोट खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। 4.54 करोड़ रुपये के नोटों के साथ 2 शातिर गिरफ्तार। पूरी खबर पढ़ें।
गदरपुर। उत्तराखंड के ऊधमसिंहनगर जनपद अंतर्गत गदरपुर में पुलिस ने असली नोटों की आड़ में नकली नोट खपाने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके से करीब 04 करोड़ 54 लाख रुपये मूल्य के असली-नकली नोट बरामद किए हैं। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
जनपद के एसएसपी अजय गणपति ने सभी थाना प्रभारियों को अपराध और अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के सख्त निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत गदरपुर पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सैफ्टा फार्म रोड पर पंचपुरी गूलरभोज के पास एक खोखे में कुछ लोग भारी मात्रा में संदिग्ध नोटों के साथ मौजूद हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए गदरपुर कोतवाली पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी और घेराबंदी कर दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। जब पुलिस ने उनकी तलाशी ली, तो उनके कब्जे से नोटों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। ठगी करने के लिए शातिरों ने नोटों की गड्डियों के ऊपर भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के असली 500 रुपये के नोट लगाए थे, जबकि नीचे “Children Bank of India” लिखे नकली नोट छिपा रखे थे।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय मुनतियाज (निवासी केशव नगर, बाजपुर) और 41 वर्षीय मनोज कुमार (निवासी ग्राम पंचपुरी, गूलरभोज) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गदरपुर कोतवाली में मु0 FIR नं0 141/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 179/180/3(5) के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
गदरपुर पुलिस अब गिरफ्तार अभियुक्तों से विस्तृत पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन नकली नोटों की छपाई कहाँ हो रही थी और इन्हें किन-किन क्षेत्रों में खपाया जाना था। पुलिस आरोपियों के पुराने आपराधिक इतिहास को खंगालने के साथ-साथ इस गिरोह से जुड़े अन्य नेटवर्क और संभावित सदस्यों की तलाश में जुट गई है। दोनों आरोपियों को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
