Connect with us

उधमसिंह नगर

उत्तराखंड में बड़ा खुलासा: आतंकी संगठन ‘अल बदर’ को हथियार सप्लाई करने वाला गिरोह गिरफ्तार

Published

on

खबर शेयर करें 👉

सितारगंज में पुलिस ने अंतरराज्यीय हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी के अल बदर आतंकी संगठन से संबंध मिले हैं, जो भारी मात्रा में हथियार सप्लाई करता था।

रुद्रपुर। उत्तराखंड की ऊधमसिंह नगर पुलिस और एसओजी (SOG) की टीम ने एक संयुक्त ऑपरेशन में अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। सितारगंज क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार किए गए एक आरोपी के तार प्रतिबंधित आतंकी संगठन ‘अल बदर’ से जुड़े होने के सबूत मिले हैं। पुलिस इस मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा के नजरिए से बेहद गंभीर मान रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि बुधवार देर शाम सिडकुल फेस-2 क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक बिना नंबर प्लेट वाली संदिग्ध कार को रोकने की कोशिश की गई। कार चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन वाहन कच्चे रास्ते में फंस गया। पुलिस ने घेराबंदी कर कार सवार हरेंद्र सिंह उर्फ हनी और निखिल उर्फ रानू को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान कार से हथियारों का जखीरा बरामद हुआ।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी हरेंद्र सिंह प्रतिबंधित संगठन ‘अल बदर’ के ओवर ग्राउंड वर्कर (OGW) को हथियार सप्लाई करता था। इसके बदले उसे लाखों रुपये मिलते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो पोनिया (12 बोर), एक रिवॉल्वर (32 बोर), दो तमंचे और कुल 215 जिंदा कारतूस सहित 129 खोखे बरामद किए हैं। आरोपी के आतंकी लिंक सामने आने के बाद अब खुफिया एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।
पुलिस ने प्रयुक्त कार को सीज कर दिया है और दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट व भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। गुरुवार को दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह के अन्य सदस्य कहाँ छिपे हैं और उन्हें फंडिंग कहाँ से मिल रही थी।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement