Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी पुलिस का बड़ा खुलासा: दिन में सपेरा बन रेकी, रात में चोरी करने वाले 3 गिरफ्तार

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी पुलिस ने 25 लाख के जेवरों के साथ हरिद्वार के शातिर ‘सपेरा गैंग’ को पकड़ा। सपेरा बनकर सूने मकानों की रेकी करते थे आरोपी। एसएसपी ने किया मामले का खुलासा।

हल्द्वानी। नैनीताल जिले की हल्द्वानी पुलिस ने एक ऐसे शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है जो भेष बदलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। ‘सपेरा गैंग’ के नाम से मशहूर इस गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। यह गिरोह दिन के समय मोहल्लों में सपेरा बनकर घूमता था और उन घरों को चिन्हित करता था जहां ताले लटके होते थे।
एसएसपी नैनीताल मन्जूनाथ टीसी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुखानी और हरिपुर मोतिया क्षेत्र में हाल ही में चोरी की कई शिकायतें मिली थीं। इसके बाद पुलिस ने सघन जांच अभियान शुरू किया। पकड़े गए आरोपी प्रदीपनाथ उर्फ मंदीप, गुरविंदर और रोहितास उर्फ पोपे मूल रूप से हरिद्वार के रहने वाले हैं। ये लोग सपेरा बनकर कॉलोनियों में रेकी करते थे और मौका मिलते ही रात में मकान के ताले तोड़कर कीमती सामान उड़ा ले जाते थे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने कोतवाली हल्द्वानी और मुखानी पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया। टीम ने इलाके के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला, जिसमें एक संदिग्ध बाइक और कुछ संदिग्ध लोग नजर आए। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने बेल बाबा मंदिर के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा।
आरोपियों के कब्जे से पुलिस को भारी मात्रा में चोरी के मंगलसूत्र, सोने की अंगूठियां, चांदी की पायल और अन्य कीमती आभूषण बरामद हुए हैं। पुलिस की इस बड़ी सफलता पर एसएसपी मन्जूनाथ टीसी ने टीम के उत्साहवर्धन के लिए 2,500 रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है। पुलिस अब इन आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है ताकि अन्य वारदातों का भी पता लगाया जा सके।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि यह गिरोह केवल हल्द्वानी ही नहीं बल्कि उत्तराखंड के अन्य शहरों में भी सक्रिय था। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे अपने घर के आसपास संदिग्ध रूप से घूमने वाले व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। फिलहाल, तीनों आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement