Connect with us

देहरादून

उत्तराखंड पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, देहरादून में हुआ भव्य स्वागत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

BJP National President Nitin Nabin तीन दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर CM धामी और महेंद्र भट्ट ने किया भव्य स्वागत, कोर कमेटी की बैठक शुरू।

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने तीन दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर गुरुवार शाम उत्तराखंड की राजधानी देहरादून पहुंचे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित तमाम वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनके इस पहले उत्तराखंड दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
एयरपोर्ट से लेकर देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय तक विभिन्न चौराहों और मुख्य मार्गों पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का जोरदार अभिनंदन किया। विशेष रूप से महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया, जो पारंपरिक वेशभूषा में सजकर स्वागत गीत और भजनों के माध्यम से मंच संभालती नजर आईं।
भाजपा मुख्यालय सहित शहर के कई प्रमुख स्थानों को पार्टी के झंडों, पोस्टरों और रंगों से बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन से पहले ही कार्यक्रम स्थलों पर भारी भीड़ जुटना शुरू हो गई थी, जहाँ उत्साही कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। इस भव्य स्वागत के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक और बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक भी संगठन की मजबूती का संदेश देने के लिए मौजूद रहे।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने इस तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लेंगे। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आज शाम को ही भाजपा कोर कमेटी की एक बेहद अहम बैठक आयोजित की जा रही है, जबकि रात्रि आठ बजे प्रदेश सरकार के मंत्रियों के साथ विशेष बैठक प्रस्तावित है। इस दौरे में संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति पर गहन चर्चा होने की संभावना है।

Select Language

Advertisement