Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी। उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोकगायिका के पति और इवेंट मैनेजर रितेश जोशी पर एक महिला ने दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। मुखानी क्षेत्र की 40 वर्षीय महिला का कहना है कि उसकी रितेश से जान-पहचान थी। आरोप है कि रितेश ने उसे शादी का भरोसा दिलाकर आवास विकास स्थित किराये के कमरे में बुलाया और जबरन शारीरिक संबंध बनाए। बाद में उसने शादी करने से इनकार कर दिया और महिला से बातचीत भी पूरी तरह बंद कर दी।
पीड़िता के अनुसार उसने इस मामले की शिकायत पुलिस से भी की थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर कोर्ट का सहारा लिया। अदालत के आदेश पर शनिवार देर रात पुलिस ने रितेश जोशी के खिलाफ दुष्कर्म की धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल राजेश यादव ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है।
यह मामला चर्चाओं में इसलिए भी है क्योंकि आरोपी मशहूर लोकगायिका का पति है और इवेंट मैनेजमेंट के क्षेत्र में सक्रिय है। फिलहाल पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर जांच की प्रक्रिया तेज कर दी है। अदालत के आदेश पर दर्ज मुकदमे ने इस पूरे प्रकरण को नए मोड़ पर ला दिया है।