Report by : CWN Desk
Published at :

काशीपुर- मां बाल सुंदरी देवी की प्रतिमा चैती मेला स्थित मंदिर पहुंचने के साथ ही वहां मां के दर्शन और प्रसाद चढ़ाने को रिकार्डतोड़ संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। उधर पुलिस व प्रशासन इस भारी भीड़ को देखते हुए चाक चौबंद व्यवस्था बनाये हुए हैं। मेलाधिकारी व उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह मेले की व्यवस्थाओं पर पूरी तरह से नजर रखे हुए हैं।आज मेला स्थित मां बाल सुंदरी देवी के मंदिर में हजारों की संख्या में उमड़े श्रद्धालुओं को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा समुचित प्रबंध किए गए हैं। पुलिस के जवान मंदिर में तैनात हैं जो कि भीड़ को नियंत्रित कर रहे हैं। इनके अलावा कुछ निजी लोग भी मेले में व्यवस्था बनाने में पुलिस प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं।बता दें कि उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध चैती मेले में देश के अनेक भागों से लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ आती है। इस भीड़ को नियंत्रित करना पुलिस प्रशासन के लिए एक चुनौती होती है। आज मेले में पुलिस प्रशासन की बेहतर व्यवस्था देखने में आई। हालांकि आने वाले दिनों में चैती मेले में भीड़ और बढ़ेगी।
मेलाधिकारी व उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत न हो। इसके लिए सभी संबंधित विभाग मुस्तैदी से लगे हुए हैं।फिलहाल मेले में अब सभी दुकानें लग चुकी हैं। मंदिर में दर्शन करने के अलावा यहां खरीदारी करने भी लोग काफी संख्या में आते हैं। भारत के राजस्थान, पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश, गुजरात, दिल्ली समेत अनेक राज्यों से दुकानदार यहां पहुंचते हैं। आस्था के साथ साथ चैती मेले का अपना व्यापारिक महत्व भी है।उधर मेले में असामाजिक तत्वों को लेकर भी पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस मेले में घूम घूम कर ऐसे तत्वों पर निगाह रखे हुए हैं। मेले में जेबकतरी और महिलाओं से छेड़छाड़ जैसी घटनाएं भी संभावित है जिनको लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क है लेकिन आम लोगों को भी इन घटनाओं से सतर्क रहने की अपील की गई है। मेला स्थल पर थाना स्थापित किया गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›