पिथौरागढ़

मुख्यमंत्री धामी ने किया ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शुभारंभ, 102 करोड़ की सौगात

पिथौरागढ़ के सीमांत क्षेत्र में ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का भव्य शुभारंभ हुआ है। सीएम धामी ने 102.72 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी है।

पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ जिले के सीमांत क्षेत्र में काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित होने वाले ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का दीप प्रज्ज्वलित कर औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात देते हुए 102.72 करोड़ रुपये की 25 विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें 102.48 करोड़ रुपये की 24 योजनाओं का शिलान्यास और 24 लाख रुपये की लागत से तैयार एक योजना का लोकार्पण शामिल है। साथ ही, उन्होंने मेले के भव्य आयोजन के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ऐतिहासिक जौलजीबी मेला भारत और नेपाल के बीच साझा सांस्कृतिक विरासत, आपसी सौहार्द और मजबूत व्यापारिक संबंधों का जीवंत प्रतीक है। यह मेला सदियों से दोनों देशों के नागरिकों को सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से जोड़ने का कार्य कर रहा है। सीमांत क्षेत्रों की लोक संस्कृति, पारंपरिक कला और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने में ऐसे मेलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
सरकार की प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इन क्षेत्रों में सड़क संपर्क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। इन नई विकास योजनाओं के धरातल पर उतरने से स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर पैदा होंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनियों और स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा भारत और नेपाल के दूर-दराज से आए बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular

CWN उत्तराखंड समेत देश और दुनिया भर के नवीनतम समाचारों का डिजिटल माध्यम है। अपने विचार या समाचार प्रसारित करने के लिए हमसे संपर्क करें। धन्यवाद

[email protected]

Select Language

© 2025, CWN (City Web News)
Get latest Uttarakhand News updates

To Top
English हिन्दी