Connect with us

देहरादून

उत्तराखंड: स्वतंत्रता दिवस पर सीएम धामी ने की 7 बड़ी घोषणाएं, बनेगा युवा आयोग

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून के परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान प्रदेश के विकास के लिए युवा आयोग के गठन समेत 7 बड़ी घोषणाएं की गईं।

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण किया। समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान के गायन के साथ हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने देश के वीर बलिदानियों, सेना के जवानों और राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने हाल ही में आई प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार प्रभावितों को राहत पहुंचाने, घायलों के उपचार और क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे को दुरुस्त करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के लिए सात बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित करने तथा राज्य में प्रथम ‘युवा आयोग’ के गठन का ऐलान किया। इसके अलावा, 18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना शुरू की जाएगी।
घोषणाओं के तहत सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार के लिए अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। साथ ही, वर्ग-3 और वर्ग-4 की भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा बढ़ाकर भूमिधरी अधिकार दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्यांश को 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये करने और बच्चों के लिए ‘बाल वीरता पुरस्कार’ शुरू करने का भी निर्णय लिया गया।
समारोह में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 14 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक और 13 राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार वर्ष 2035 तक विकसित उत्तराखंड के निर्माण के लक्ष्य को पूरा करने के लिए निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रही है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement