देहरादून
पौड़ी में संविदा लाइनमैन की करंट से मौत पर CM धामी सख्त, तीन इंजीनियर सस्पेंड, यूपीसीएल अफसरों से मांगा स्पष्टीकरण
देहरादून। पौड़ी जिले के रिखणीखाल में बुधवार को कार्य के दौरान संविदा लाइनमैन की करंट से हुई मौत पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के तीन इंजीनियरों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है, साथ ही अन्य संबंधित अफसरों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
गौरतलब है कि बुधवार को रिखणीखाल में बिजली लाइन पर मरम्मत कार्य के दौरान संविदा लाइनमैन को करंट लग गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्रीय विधायक महंत दलीप सिंह ने यूपीसीएल के इंजीनियरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से शिकायत की थी।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना की जांच के आदेश दिए और संबंधित इंजीनियरों को निलंबित करने के निर्देश दिए। इसके तहत अधिशासी अभियंता विनीत सक्सेना, उपखंड अधिकारी चंद्रमोहन और अवर अभियंता शुभम कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
यूपीसीएल के निदेशक (परिचालन) एमआर आर्य ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश के तहत विनीत सक्सेना को हल्द्वानी, चंद्रमोहन को देहरादून और शुभम कुमार को रुद्रप्रयाग कार्यालय से संबद्ध किया गया है।
इस कार्रवाई से ऊर्जा विभाग में हड़कंप मच गया है, साथ ही अन्य इंजीनियरों को सुरक्षा मानकों के पालन के लिए सतर्क किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यूपीसीएल के अन्य अधिकारियों से इस मामले में विस्तृत स्पष्टीकरण देने को कहा है ताकि जिम्मेदारी तय करते हुए भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
प्रदेश सरकार ने साफ कर दिया है कि काम के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा में किसी तरह की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और लापरवाह अफसरों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा ताकि ऊर्जा क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
