उधमसिंह नगर
सीएम धामी का बड़ा एक्शन: भू-कानून उल्लंघन पर सरकारी होगी जमीन, अतिक्रमण और अवैध राशन कार्डों पर कड़ा रुख
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने, भू-कानून के उल्लंघन पर जमीन जब्त करने और वेरिफिकेशन ड्राइव में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उधमसिंह नगर। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने निजी आवास खटीमा से समस्त जिलाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक की। इस बैठक में सीएम धामी ने राज्य की कानून-व्यवस्था और सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर कई कड़े निर्देश जारी किए। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को सरकारी और ग्राम सभाओं की भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान में तेजी लाने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देवभूमि की जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
राज्य के सख्त भू-कानून को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भू-कानून का उल्लंघन कर खरीदी गई जमीनों की तुरंत जांच की जाए। जांच में यदि किसी भी प्रकार का उल्लंघन पाया जाता है, तो उस भूमि को तत्काल राज्य सरकार में निहित (जब्त) कर लिया जाए। इसके साथ ही उन्होंने शत्रु संपत्तियों पर हुए अवैध कब्जों को हटाने और ‘उम्मीद पोर्टल’ पर दर्ज वक्फ संपत्तियों के ब्योरे की नियमित जांच करने के आदेश भी दिए।
सुरक्षा के लिहाज से मुख्यमंत्री ने राज्य में व्यापक वेरिफिकेशन ड्राइव (सत्यापन अभियान) चलाने पर जोर दिया। उन्होंने बाहरी राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंसों की जांच करने और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों को चिन्हित करने के निर्देश दिए। संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के साथ ही, जनसेवा केंद्रों की जांच और अवैध राशन कार्ड बनाकर सरकारी सुविधाओं का लाभ ले रहे अपात्र लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
आगामी मानसून को देखते हुए सीएम धामी ने आपदा प्रबंधन की पूर्व तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, सुचारू पेयजल आपूर्ति और बिजली की अनावश्यक कटौती को रोकने के लिए कहा। इसके अलावा, उन्होंने चारधाम यात्रा की नियमित मॉनिटरिंग करने, ‘कैंची धाम बाईपास’ का निर्माण अगले महीने तक पूरा करने और एप्पल व कीवी मिशन जैसी कृषि योजनाओं का वास्तविक लाभ किसानों तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया।
