Report by : CWN Desk
Published at :
तराई को बसाने में चीमा परिवार का अहम योगदान: काशीपुर पहुंचे सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काशीपुर में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा के आवास पहुंचकर स्व. अमरजीत सिंह चीमा के निधन पर गहरा शोक जताया और तराई में उनके योगदान को याद किया।

काशीपुर: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर पहुंचे। यहाँ उन्होंने जैतपुर घोसी स्थित क्षेत्रीय विधायक त्रिलोक सिंह चीमा के आवास पर जाकर उनके ताऊ स्व. अमरजीत सिंह चीमा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस भावुक क्षण में चीमा परिवार के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड के तराई क्षेत्र को बसाने और इसके विकास में चीमा परिवार का ऐतिहासिक और अहम योगदान रहा है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि इस पूरे सफर में स्वर्गीय अमरजीत सिंह चीमा की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण थी, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।
पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके बड़े भाई अमरजीत सिंह चीमा लंबे समय से बाजपुर में कृषि कार्यों से जुड़े हुए थे। पिछले दिनों चंडीगढ़ में इलाज के दौरान उनका आकस्मिक निधन हो गया था। शोक सभा के दौरान मेयर दीपक बाली, जुझार चीमा, अंगद चीमा सहित कई वरिष्ठ नेता और स्थानीय लोग भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
विधायक आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने से पहले मुख्यमंत्री धामी का हेलीकॉप्टर आईजीएल (IGL) स्थित अस्थाई हेलीपैड पर उतरा। यहाँ सीएम ने क्षेत्र के विभिन्न जनप्रतिनिधियों और स्थानीय जनता से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आम लोगों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के सख्त निर्देश दिए।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›