Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी गोलीकांड का खुलासा, थप्पड़ का बदला लेने रची गई साजिश

हल्द्वानी। टीपीनगर में पांच दिन पहले हुए गोलीकांड का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी रोहित समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उनके पास से पिस्टल भी बरामद हुई है। घटना की जड़ एक थप्पड़ रहा, जो घायल हुए व्यक्ति ने कुछ दिन पहले क्रिकेट मैच के दौरान मुख्य आरोपी रोहित को मारा था। इसी का बदला लेने के लिए रोहित ने अपने साथियों के साथ सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि 23 जून को प्रेमपुर लोशज्ञानी रोड स्थित बिरला स्कूल के पास गोलीकांड हुआ था। 25 जून को रामपुर रोड निवासी जितेंद्र सिंह मेहरा ने मुकदमा दर्ज कराया। शिकायत में कहा कि 23 जून की शाम उनका भाई हरीश सिंह मेहरा अपने साथियों नीरज भगत, भूपेंद्र सिंह बोरा और गणेश सिंह दरम्वाल के साथ छड़ायल की ओर जा रहा था। बिरला स्कूल के पास रोहित और उसके साथियों ने गाड़ी पर हमला कर दिया। रोहित ने हरीश पर पिस्टल से फायर झोंका, जिससे गोली बीच-बचाव कर रहे भूपेंद्र को लगी। रोहित ने दूसरा फायर भी भूपेंद्र पर किया।

पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी रोहित समेत सात लोगों को बेलबाबा मंदिर के पास जंगल से गिरफ्तार किया। टीम में कोतवाल राजेश कुमार यादव, एसएसआई महेंद्र प्रसाद समेत कई अधिकारी शामिल थे। एसपी सिटी ने बताया कि 15-20 दिन पहले क्रिकेट मैच के दौरान हरीश और रोहित के बीच विवाद हुआ था। तब हरीश ने रोहित को थप्पड़ मारा था, जिसका बदला लेने के लिए यह हमला किया गया। पुलिस अभी छह अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›