Report by : CWN Desk
Published at :
काशीपुर में करंट से हादसा: खेत में मोटर चलाते समय मालिक और मजदूर की दर्दनाक मौत

काशीपुर। उत्तराखंड के काशीपुर क्षेत्र में गुरुवार को करंट लगने से एक ही खेत में मालिक और मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों खेत में पानी देने के लिए मोटर चलाने गए थे। घटना की जानकारी उस समय हुई जब खेत मालिक का बेटा दोपहर में खाना लेकर खेत पहुंचा।

यह दर्दनाक हादसा कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम केसरी गणेशपुर में हुआ। यहां 70 वर्षीय भूपेंद्र सिंह पुत्र दर्शन सिंह का घर के पास ही खेत है। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने खेत में पानी लगाने के लिए गांव के ही 24 वर्षीय मजदूर सलविंदर सिंह उर्फ निक्का पुत्र स्वर्गीय गुरचरण सिंह के साथ गए थे।

दोपहर करीब दो बजे भूपेंद्र सिंह का बेटा सुरेंद्र सिंह दोनों को खाना देने खेत पर पहुंचा, तो उसने देखा कि दोनों व्यक्ति मोटर के पास अचेत पड़े हैं। सुरेंद्र ने तुरंत बिजली सप्लाई बंद करने की कोशिश की, लेकिन उसे भी करंट का हल्का झटका लगा। किसी तरह उसने बिजली की आपूर्ति रोकी और दोनों को अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गढ़ीनेगी चौकी प्रभारी जगत सिंह शाही ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को मिली है, लेकिन अभी तक किसी की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हादसे से गांव में शोक की लहर है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›