Report by : CWN Desk
Published at :
गरमपानी में घोड़े की लात से युवक की दर्दनाक मौत, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

ऋषिकेश। शुक्रवार सुबह ऋषिकेश वन रेंज के गोला तप्पड़ जंगल में हरिद्वार के ब्रह्मपुरी निवासी 40 वर्षीय राजू कश्यप पर संदिग्ध वन्यजीव के हमले से मौत हो गई। वह अपने भाई संजू के साथ जंगल में पत्तल के पत्ते बीनने गया था। घटना के वक्त सुबह करीब 9:30 बजे का समय था। अचानक हुए हमले से राजू की मौके पर ही मौत हो गई। संजू के अनुसार हमला करने वाला जानवर बाघ था। संजू के शोर मचाने पर हमलावर जानवर भाग गया।

सूचना मिलने के बाद श्यामपुर चौकी प्रभारी योगेश खुमरियाल और वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पुलिस को सौंप दिया। डीएफओ नीरज शर्मा के मुताबिक युवक की मौत वन्यजीव के हमले से हुई है, लेकिन यह कहना मुश्किल है कि हमला बाघ ने किया या गुलदार ने। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

घटना गढ़ी मयचक ग्राम पंचायत से करीब ढाई किलोमीटर दूर घने जंगल में हुई। भाई संजू मदद के लिए गांव की ओर दौड़ा और ग्रामीणों को साथ लेकर घटनास्थल पहुंचा। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचित किया। वन विभाग की टीम ने आसपास के इलाके में सर्च अभियान चलाया, ताकि हमलावर जानवर की पहचान की जा सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

डीएफओ नीरज शर्मा ने ग्रामीणों से अपील की कि जंगल में पत्ते या अन्य चीजें बीनते समय सतर्क रहें और वन विभाग की अनुमति लेकर ही जंगल में जाएं। वहीं पुलिस ने भी ग्रामीणों से अपील की है कि वन्यजीवों के हमले से बचाव के लिए वन विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करें। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और वन विभाग ने सतर्कता बरतने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›