देहरादून
द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित जसपाल राणा की तेरहवीं में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और CM धामी ने दी श्रद्धांजलि
जसपाल सिंह राणा की त्रयोदशी में पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम धामी। परिजनों से मिलकर व्यक्त की शोक संवेदना।
देहरादून। भारतीय निशानेबाजी के दिग्गज, द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित जसपाल राणा की तेरहवीं और श्रद्धांजलि सभा बुधवार को देहरादून में आयोजित की गई। मसूरी रोड स्थित राणा शूटिंग रेंज में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, नोएडा विधायक पंकज सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट समेत खेल, राजनीति और सामाजिक क्षेत्र की कई हस्तियां शामिल हुईं।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान कई भावुक पल भी देखने को मिले। जसपाल राणा की तस्वीर पर सजी माला देखकर उनकी पत्नी की आंखें नम हो गईं। परिवार के अन्य सदस्य भी भावुक नजर आए। इस दौरान मौजूद रिश्तेदार, खिलाड़ी और शुभचिंतक उन्हें ढांढस बंधाते रहे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह विशेष विमान से देहरादून पहुंचे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राजनाथ सिंह सीधे श्रद्धांजलि स्थल पहुंचे और जसपाल राणा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जसपाल राणा की पत्नी से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। बातचीत के दौरान माहौल भावुक रहा और परिवार के सदस्य भी गमगीन नजर आए।
जसपाल राणा का 12 जून को निधन हो गया था। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को कई पदक दिलाने वाले राणा ने खिलाड़ी के साथ-साथ कोच के रूप में भी भारतीय निशानेबाजी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनके मार्गदर्शन में कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की। खेल जगत में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
