Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून: नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। पटेलनगर थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पड़ोसी युवक पर किशोरी के साथ करीब एक साल से दुष्कर्म करने का आरोप है। इस घटना के बाद किशोरी गर्भवती हो गई थी।
पुलिस के अनुसार, किशोरी अपनी बड़ी बहन के साथ रहती है। उनकी मां की कोरोना के समय मृत्यु हो गई थी और पिता लापता हैं। बड़ी बहन भी शारीरिक रूप से बीमार हैं। इसी का फायदा उठाकर पड़ोसी युवक ने किशोरी को अपनी हवस का शिकार बनाया।
हाल ही में आरोपी ने किशोरी को गर्भपात की दवाइयां खिला दीं, जिससे सोमवार रात उसकी तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई। अत्यधिक रक्तस्राव होने पर किशोरी को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गर्भपात के बाद निकले भ्रूण को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए दून अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात रहा। इस बीच, कुछ संगठनों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन कर घटना के विरोध में आवाज उठाई। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›