Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी: योगा ट्रेनर की संदिग्ध मौत पर बवाल: सगे भाइयों पर हत्या का मुकदमा, धरना-प्रदर्शन और सड़क जाम

हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में चार दिन पहले मृत मिली योगा ट्रेनर ज्योति मेर की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पुलिस ने मामले में एक योगा सेंटर के संचालक अजय यदुवंशी और उसके छोटे भाई अभय यदुवंशी पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

मृतका की मां दीपा मेर ने 3 अगस्त को मुखानी थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी बेटी को सेंटर संचालकों द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। ज्योति ने डर के कारण अगली माह नौकरी छोड़ने की बात भी कही थी। शव की जांच में सिर के पिछले हिस्से में चोट के निशान पाए गए, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई।

मंगलवार को पहाड़ी आर्मी संगठन और मृतका के परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मुखानी स्थित योगा सेंटर के सामने जुट गए। प्रदर्शनकारियों ने नहर कवरिंग रोड पर करीब आधे घंटे तक सड़क जाम कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस से प्रदर्शनकारियों की नोकझोंक भी हुई। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने कोतवाली और मुखानी थाने से अतिरिक्त फोर्स बुलाया और कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।

इसके बाद संगठन के सदस्यों ने कोतवाली पहुंचकर भी धरना-प्रदर्शन किया। कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि लोगों को समझाकर शांतिपूर्वक चार बजे घर भेज दिया गया। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›