Report by : CWN Desk
Published at :
मादा गुलदार पिंजरे में कैद, डीएफओ बोले- मोरा गांव में वृद्धा पर हमले वाली वही

हल्द्वानी। मोरा गांव में वृद्धा पुष्प देवी की जान लेने वाली मादा गुलदार को सोमवार सुबह वन विभाग की टीम ने 24 दिन की मशक्कत के बाद पिंजरे में कैद कर लिया। नैनीताल वन प्रभाग के डीएफओ चंद्रशेखर जोशी के निर्देश पर क्षेत्र में गश्त और रेस्क्यू अभियान चलाया गया था, जिसमें 26 कैमरा ट्रैप और चार पिंजरे लगाए गए थे।

मनोरा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी मुकुल शर्मा के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के तहत गुलदार एक पिंजरे में फंस गया, जिसे बाद में रानीबाग रेस्क्यू सेंटर लाया गया। एसडीओ ममता चन्द ने बताया कि गुलदार की जांच में वह पूरी तरह स्वस्थ पाया गया।

डीएफओ जोशी ने कहा कि शुरुआती जांच में पंजों के निशान और सीसीटीवी फुटेज से पुष्टि होती है कि यही गुलदार वृद्धा पर हमले में शामिल था। इसको पूरी तरह से पुष्ट करने के लिए गुलदार के सैंपल डब्लूआईआई देहरादून भेजे जा रहे हैं, ताकि मृतका के शरीर से प्राप्त गुलदार के सैंपल से मिलान किया जा सके।

गौरतलब है कि 26 दिन पहले मोरा गांव की पुष्प देवी (71) खेत में काम करते समय गुलदार के हमले में जान गंवा बैठी थीं, जिससे पूरे इलाके में भय का माहौल था। अब गुलदार के पकड़े जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। वन विभाग इस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि क्षेत्र में भविष्य में इस तरह की घटना न हो।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›