Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में नैनीताल रोड और मंगलपड़ाव क्षेत्र का इसलिए कराया ड्रोन सर्वे

हल्द्वानी। रोडवेज स्टेशन से लेकर सिंधी चौराहे तक कब्जों को हटाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कब्जों की सही स्थिति जांचने के लिए सोमवार को प्रशासन ने नैनीताल रोड और मंगलपड़ाव क्षेत्र का ड्रोन सर्वे कराया।
नैनीताल रोड पर रोडवेज बस स्टेशन से सिंधी चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण होना है। इस बीच सड़क किनारे सरकारी अतिक्रमण तोड़ने के बाद प्रशासन ने दुकानदारों को नोटिस जारी किए थे। कोर्ट के निर्देश पर जांच के बाद 101 लोग ऐसे मिले थे जिन्होंने नैनीताल रोड पर भवन व दुकानें आदि बनाकर कब्जा किया है।
इनमें कुछ भवन आंशिक रूप से तो कुछ पूर्णत: ध्वस्त किए जाने हैं। इसी क्रम में प्रशासन स्तर पर कब्जे हटाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सोमवार को स्थानीय प्रशासन ने कब्जों की वास्तविक स्थिति जांचने के लिए ड्रोन से दोबारा फोटोग्राफी कराई है। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि ड्रोन से ली गई फोटो से कब्जों की सही स्थिति का पता चल सकेगा। इसके बाद उसी आधार पर कब्जे हटाते हुए सड़क चौड़ीकरण के कार्य को अंजाम दिया जाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›