Report by : CWN Desk
Published at :
यातायात नियम तोड़ने वालों से 7 माह में वसूला गया आठ करोड़, 84 लाख रुपये का जुर्माना

देहरादून संभाग में हुई प्रवर्तन की कार्रवाई की समीक्षा के बाद आंकड़े जारी
देहरादून। परिवहन व यातायात नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर परिवहन विभाग ने इस वर्ष जनवरी से जुलाई अंत तक व्यापक स्तर पर कार्रवाई की। देहरादून संभाग में हुई प्रवर्तन की कार्रवाई की समीक्षा की गई तो यह पता चला कि वर्ष-2022 में जनवरी से जुलाई तक हुई कार्रवाई की तुलना में इस वर्ष दोगुने वाहनों का चालान किया गया।
इस दौरान आठ करोड़, 84 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। देहरादून संभाग के अंतर्गत देहरादून, हरिद्वार, टिहरी व उत्तरकाशी जनपदों में इस वर्ष सात माह में हुई प्रवर्तन की कार्रवाई की आरटीओ (प्रवर्तन) शैलेश तिवारी ने शनिवार को समीक्षा की। आरटीओ तिवारी ने बताया कि वर्ष-2022 में जनवरी से जुलाई तक सात माह में कुल 29942 वाहनों का चालान, जबकि 1917 वाहनों को सीज किया गया था।
इस वर्ष सात माह में 49294 वाहनों का चालान और 2202 को सीज किया गया। इसी तरह वर्ष-2022 में इस अवधि में 7.33 करोड़ रुपये जुर्माना वसूला गया था, जबकि वर्ष-2023 में 8.84 करोड़ रुपये जुर्माना वसूला गया। आरटीओ (प्रवर्तन) शैलेश तिवारी ने प्रवर्तन अधिकारियों को हफ्ते में एक दिन अनिवार्य रूप से तकनीकी अधिकारी के साथ चेकिंग करने, दुर्घटना से संबंधित स्थलों का निरीक्षण करने, ओवरस्पीड और ओवरलोडिंग वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई बढ़ाने, पर्वतीय क्षेत्रों के सभी मार्गों पर चेकिंग करने के निर्देश दिए हैं।
आरटीओ ने बताया कि सड़क सुरक्षा व दुर्घटना नियंत्रण को लेकर की गई कार्रवाई में ओवरस्पीड, ओवरलोडिंग, नशे का सेवन कर वाहन संचालन, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन संचालन, रेड लाइट जंप करने जैसे अभियोगों में चालान व सीज की कार्रवाई की गई। वर्ष-2022 में दुर्घटनाकारक अभियोगों में 7423 वाहनों का चालान किया गया था, जबकि वर्ष-2023 में 8433 वाहनों का चालान हुआ। इसी तरह हेलमेट नहीं पहनने पर 10422 वाहनों, जबकि सीट बेल्ट न लगाने पर 4208 वाहनों का चालान किया गया है।

• देहरादून संभाग में परिवहन विभाग की ओर से इस वर्ष की गई व्यापक कार्रवाई

• वर्ष-2022 में जनवरी से जुलाई तक सात माह में कुल 29942 का चालान

• हेलमेट न पहनने पर 10422 वाहनों, जबकि सीट बेल्ट न लगाने पर 4208 वाहनों पर कार्रवाई

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›