Report by : CWN Desk
Published at :
खटीमा में सुरई वन रेंज के जंगल में घास लेने गई बुजुर्ग महिला को बाघ ने मारा

रुदपुर। सुरई वन रेंज के जंगल में घास लेने गई एक बुजुर्ग महिला को बाघ ने मार दिया। वन विभाग की टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बाघ के हमले की सूचना से क्षेत्र के लोगों में दहशत है।
बुधवार को ग्राम बग्गा चौवन निवासी महिला भागुली देवी (70) पत्नी स्वर्गीय नैन सिंह सुरई वन रेंज के जंगल में मवेशियों लिए चारा लेने गई थी। इस दौरान घात लगाकर बैठे बाघ ने महिला पर हमला कर उसे मार डाला। घटना की सूचना रेंज अधिकारी आरएस मनराल को सरपुड़ा चौकी में तैनात वन बीट अधिकारी सतपाल ने दी। इस पर रेंज अधिकारी डिप्टी रेंजर सतीश रेखाड़ी के साथ बख्तरबंद ट्रैक्टर और फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। बख्तरबंद ट्रैक्टर से मौके पर पहुंचकर महिला के शव को कब्जे में लिया गया। शव में बाघ के बाल मिले, इन्हें सैंपल के रूप में एकत्र किया है। इसके साथ ही शव के घाव से बाघ की लार का स्लाइवा सैंपल लिया गया। घटनास्थल पर बाघ की उपस्थिति और गतिविधियों को ट्रेस करने के लिए ट्रैप कैमरा लगाए गए हैं। रेंज अधिकारी मनराल ने बताया कि वन अधिनियम के तहत परिजनों को मुआवजा देने की कार्रवाई की जाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›