देहरादून
थानो में आबादी के पास हाथी का हमला, महिला की दर्दनाक मौत; इलाके में दहशत
जौलीग्रांट के थानो में हाथी ने 37 वर्षीय अंजलि पर हमला कर दिया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया। क्षेत्र में दहशत।
देहरादून। डोईवाला क्षेत्र स्थित थानो में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां आबादी वाले इलाके में एक जंगली हाथी ने हमला कर 37 वर्षीय महिला को मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7:30 बजे बड़ासी माजरा धन्याड़ी निवासी अंजलि गुप्ता एक पास के रेस्टोरेंट से दूध लेकर पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान घर के पास ही अचानक सड़क पर आ धमके जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और स्थानीय लोग तुरंत मौके की ओर दौड़े।
हाथी ने महिला के भाई आशीष मनवाल को भी दौड़ाने का प्रयास किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने पटाखे फोड़कर और भारी शोर मचाकर कड़ी मशक्कत के बाद हाथी को वापस जंगल की ओर खदेड़ा। इसके तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल अंजलि को देहरादून के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में आबादी की सुरक्षा के लिए लगाई गई सोलर फेंसिंग बारिश के कारण कुछ समय से खराब पड़ी थी। इसी का फायदा उठाकर हाथी रिहाइशी इलाके तक पहुंच गया। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने, खराब सोलर फेंसिंग को तुरंत ठीक कराने और मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
