Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून में नकली पनीर रैकेट का भंडाफोड़, सहारनपुर से होती थी सप्लाई, पांच गिरफ्तार

देहरादून। दून में मंगलवार को नकली पनीर की एक बड़ी खेप पकड़े जाने के साथ ही मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ। रायपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग (एफडीए) की संयुक्त कार्रवाई में सहारनपुर से लाई गई 720 किलो नकली पनीर की खेप जब्त की गई। इस पनीर में स्कीम्ड मिल्क पाउडर और फॉर्मलीन जैसे हानिकारक रसायनों की मिलावट पाई गई, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि चारधाम यात्रा के मद्देनजर बढ़ती मांग को देखते हुए नकली पनीर की बड़ी खेप सहारनपुर से दून भेजी जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर रायपुर थाना पुलिस और एसओजी की टीम ने अपर ईश्वर विहार स्थित एक दुकान पर छापा मारा। एक पिकअप वैन से पनीर उतारा जा रहा था। मौके पर गोदाम और वाहन से कुल सात कुंतल (720 किलो) नकली पनीर बरामद हुआ। जांच में पाया गया कि पनीर को बेहद गंदे और अनहाइजीनिक हालात में तैयार किया गया था।

पुलिस ने मौके से दुकान संचालक अब्दुल मन्नान और वाहन चालक आरिफ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि यह पनीर सहारनपुर के कासमपुर क्षेत्र स्थित एक अवैध फैक्ट्री से लाया गया था, जिसे मनोज कुमार, नरेंद्र चौधरी और शाहरुख नामक तीन व्यक्ति संचालित करते हैं। ये तीनों आरोपित बाद में विकासनगर से गिरफ्तार कर लिए गए। पुलिस ने सभी पांचों के खिलाफ रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया है।

इसी सूचना के आधार पर सहारनपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने फैक्ट्री पर छापेमारी की। इस दौरान 16 कुंतल नकली पनीर, रसायन और उपकरण जब्त किए गए। पूरी फैक्ट्री को सील कर पनीर को मौके पर नष्ट किया गया।

एफडीए अधिकारी रमेश सिंह ने बताया कि जब्त पनीर क्वालिटी डेयरी तपोवन चौक के लेबल से सप्लाई किया जा रहा था। जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनने वाले इस कारोबार पर पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से कठोर कार्रवाई कर नकली खाद्य पदार्थों के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›