Report by : CWN Desk
Published at :
आईएएस विनोद कुमार सुमन के नाम से बनाई फर्जी फेसबुक प्रोफाइल, लोगों से मांगे गए रुपये

देहरादून। उत्तराखंड सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विनोद कुमार सुमन के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। अज्ञात ठगों ने फेसबुक पर उनकी फर्जी प्रोफाइल बनाकर न सिर्फ उनकी छवि का गलत इस्तेमाल किया, बल्कि लोगों से धोखाधड़ी के जरिए रुपये भी मांगे। इस मामले में विनोद कुमार सुमन की शिकायत पर शनिवार शाम शहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत में बताया गया है कि फर्जी फेसबुक प्रोफाइल में उनके नाम, पदनाम और विभागीय विवरण का अवैध उपयोग किया गया। इस फर्जी प्रोफाइल से कई लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी गईं और एक पोस्ट के माध्यम से जानकारी दी गई कि एक कथित सीआरपीएफ अधिकारी का तबादला हो गया है, जिसके चलते वह अपना घरेलू सामान – जैसे फर्नीचर, बेड, रेफ्रिजरेटर और टेलीविजन – सस्ते दामों पर बेचना चाहते हैं।

इसके बाद प्रोफाइल से जुड़े लोगों से मोबाइल नंबर लेकर उन्हें व्हाट्सऐप और कॉल के जरिए संपर्क किया गया। इस प्रक्रिया में कई परिचितों को निशाना बनाकर रुपये मांगे गए। आईएएस अधिकारी ने इसे छवि धूमिल करने और धोखाधड़ी का गंभीर प्रयास बताया है।

शहर कोतवाल प्रदीप पंत ने बताया कि अज्ञात साइबर अपराधी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल की मदद से आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से ऐसे फ्रॉड से सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों की तुरंत सूचना देने की अपील की है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›