Connect with us

उधमसिंह नगर

बाजपुर में नशा मुक्ति केंद्र की टीम पर जानलेवा हमला, सुपरवाइजर की मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

उत्तराखंड के बाजपुर में नशा मुक्ति केंद्र के युवक ने दिल्ली से आई टीम पर तलवार से हमला कर दिया। हमले में सुपरवाइजर सरबजीत सिंह की मौत हो गई है।

रुद्रपुर। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के बाजपुर में एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ बुधवार देर रात एक युवक को लेने आई दिल्ली की नशा मुक्ति केंद्र (रिहेबिलेटेशन सेंटर) की टीम पर जानलेवा हमला हो गया। आरोपी युवक ने धारदार तलवार से टीम के सदस्यों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में सेंटर के सुपरवाइजर सरबजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्होंने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दिल्ली की ‘संबंध समिति रिहेबिलेटेशन सेंटर’ की टीम को युवक के परिजनों ने ही शिकायत कर बुलाया था। टीम बुधवार रात करीब 11 बजे बाजपुर के वार्ड नंबर-पांच, मुड़िया पिस्तौर निवासी आरोपी यशदीप सिंह संधू को ले जाने पहुंची थी। जैसे ही टीम यशदीप के घर के अंदर दाखिल हुई, वह अचानक उग्र हो गया और उसने तलवार निकाल ली।
आरोपी यशदीप ने बिना कुछ सोचे-समझे टीम के सदस्यों पर हमला बोल दिया। तलवार के वार से घायल सुपरवाइजर सरबजीत सिंह (निवासी कालका जी, नई दिल्ली) को तुरंत बाजपुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हालत बेहद नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें काशीपुर के कृष्णा अस्पताल रेफर किया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सरबजीत पिछले पांच वर्षों से इस सेंटर में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली बाजपुर पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने मृतक के भाई सुखमिंदर सिंह की तहरीर पर आरोपी यशदीप सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ कर रही है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement