नैनीताल
नैनीताल माल रोड पर पालतू कुत्तों को घुमाने पर रोक: नियम तोड़ा तो 5000 तक जुर्माना
नैनीताल नगर पालिका ने माल रोड पर पालतू कुत्तों को घुमाने पर पाबंदी लगाई। गंदगी और हमलों को रोकने के लिए ₹500 से ₹5000 तक का चालान कटेगा। पूरी खबर यहाँ पढ़ें।
नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल के प्रसिद्ध माल रोड पर अब पालतू कुत्तों को घुमाना मालिकों को भारी पड़ सकता है। नगर पालिका प्रशासन ने सार्वजनिक स्थानों पर कुत्तों द्वारा फैलाई जा रही गंदगी और राहगीरों पर बढ़ते हमलों की शिकायतों के बाद सख्त रुख अपना लिया है। पालिका अब माल रोड जैसे व्यस्ततम क्षेत्रों में कुत्तों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की तैयारी में है।
दिलचस्प बात यह है कि यह कोई नया नियम नहीं है, बल्कि अंग्रेजों के शासनकाल में भी माल रोड पर कुत्तों को खुले में घुमाना प्रतिबंधित था। अब उसी पुरानी और प्रभावी व्यवस्था को फिर से कड़ाई से लागू किया जा रहा है। अधिशाषी अधिकारी रोहिताश शर्मा के अनुसार, माल रोड शहर की पहचान है और यहाँ कुत्तों के कारण फैलने वाली गंदगी से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भारी असुविधा होती है।
नगर पालिका ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर ₹500 से लेकर ₹5000 तक का नकद जुर्माना लगाया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि पालतू कुत्तों के हमलों का खतरा भी लगातार बना रहता है, जिससे माल रोड पर टहलने वाले बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा प्रभावित होती है।
वर्तमान में पालिका प्रशासन ने नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे शहर की मर्यादा और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। अभी शुरुआती चरण में लोगों को सचेत किया जा रहा है, लेकिन जल्द ही प्रवर्तन दल द्वारा औचक निरीक्षण कर चालानी कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
नैनीताल नगर पालिका का यह कदम शहर के सौंदर्यीकरण और स्वच्छता प्रबंधन की दिशा में एक बड़ा फैसला माना जा रहा है। स्थानीय व्यापारियों और मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों ने प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत किया है, ताकि माल रोड की गरिमा और सुरक्षा बनी रहे।
